गाजियाबाद। शालीमार गार्डन के बी-ब्लॉक स्थित चंद्रशेखर पार्क के पास लंबे समय से बनी हुई अंधेरे की समस्या का समाधान हो गया है। क्षेत्र में नई हाई मास्क लाइट स्थापित किए जाने के बाद स्थानीय निवासियों को राहत मिली है। सोमवार को इस हाई मास्क लाइट का विधिवत उद्घाटन किया गया।
उद्घाटन कार्यक्रम में नामित पार्षद श्याम शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने हाई मास्क लाइट का शुभारंभ किया और कहा कि क्षेत्र के लोगों द्वारा लंबे समय से यहां पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की मांग की जा रही थी। रात के समय अंधेरा रहने के कारण महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। साथ ही असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की आशंका भी बनी रहती थी।

श्याम शर्मा ने कहा कि हाई मास्क लाइट लगने से पूरे क्षेत्र में बेहतर रोशनी उपलब्ध होगी, जिससे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और स्थानीय लोगों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आगे भी लगातार कार्य किए जाएंगे।
इस अवसर पर पूर्व आरडब्ल्यूए अध्यक्ष जुगल किशोर, राष्ट्रीय व्यापार मंडल के अध्यक्ष शैलेंद्र सक्सेना, चावला बेकरी के संस्थापक राजेश ओबरॉय, नितिन बंसल, केशव सक्सेना, मनोज मिश्रा, राजेंद्र कोकरिया, रौबिन शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय निवासी मौजूद रहे।
हाई मास्क लाइट के शुरू होने पर क्षेत्रवासियों ने खुशी जाहिर करते हुए नामित पार्षद श्याम शर्मा का आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पहल से न केवल क्षेत्र की सुरक्षा बढ़ेगी बल्कि रात के समय पार्क और आसपास के इलाकों में आवागमन भी अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक हो जाएगा।
क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी प्रकार जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देकर शालीमार गार्डन को और अधिक सुविधाजनक एवं सुरक्षित बनाया जाएगा।


