back to top
Monday, July 27, 2026
HomeUncategorizedतमिलनाडु : शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर स्कूली छात्रा पर चाकू से...

तमिलनाडु : शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर स्कूली छात्रा पर चाकू से हमला, आरोपी युवक ने की खुदकुशी

चिदंबरम (तमिलनाडु), 27 जुलाई शादी का प्रस्ताव कई बार ठुकराए जाने पर एक युवक ने 16 वर्षीय स्कूली छात्रा की गर्दन पर कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया। छात्रा की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि 27 वर्षीय आरोपी अयप्पन ने सोमवार को कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि यह घटना रविवार को कडलूर जिले के कीझामूंगलाडी गांव स्थित पीड़िता के घर पर हुई। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि अयप्पन कक्षा 11 में पढ़ने वाली छात्रा के घर अक्सर बिजली मरम्मत का काम करने आता था।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इसी दौरान वह उसके प्रति आकर्षित हो गया। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, उसने कई बार नाबालिग छात्रा के सामने शादी का प्रस्ताव रखा, लेकिन उसने हर बार उसे ठुकरा दिया। पुलिस के अनुसार, छात्रा की मां कपड़े की एक दुकान पर काम करने के लिए घर से बाहर गई थी।
पुलिस ने बताया कि इसका फायदा उठाकर अयप्पन रविवार को उस समय घर में घुस गया, जब किशोरी अकेली थी। पुलिस के मुताबिक, छात्रा ने एक बार फिर उसका शादी का प्रस्ताव ठुकरा दिया, जिसके बाद उसने चाकू से लड़की की गर्दन पर तेजी से वार किया और मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, किशोरी की चीख सुनकर पड़ोसी घर पहुंचे और एंबुलेंस बुलाई।
पुलिस ने बताया कि उसे चिदंबरम के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर बताई। मामला दर्ज करने के बाद चिदंबरम तालुक पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश शुरू की। इस बीच, पुलिस को पता चला कि आरोपी ने अपने घर पर आत्महत्या कर ली है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular