बॉलीवुड अभिनेत्री हुमा कुरैशी आज यानी की 28 जुलाई को अपना 40वां जन्मदिन मना रही हैं। हुमा कुरैशी ने अपनी दमदार एक्टिंग और मेहनत से फिल्म इंडस्ट्री में एक खास मुकाम पाया है। एक्ट्रेस ने न सिर्फ हिंदी फिल्मों में बल्कि साउथ और हॉलीवुड तक में अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया है। तो आइए जानते हैं उनके जन्मदिन के मौके पर एक्ट्रेस हुमा कुरैशी के जीवन से जुड़ी कुछ रोचक बातों के बारे में…
जन्म और परिवार
नई दिल्ली में 28 जुलाई 1986 को हुमा कुरैशी का जन्म हुऐ था। इनके पिता का नाम सलीम कुरैशी था, जोकि रेस्टोरेंट के व्यवसाय से जुड़े हैं। वहीं इनकी मां का नाम अमीना कुरैशी है। हुमा ने फेमस थिएटर ग्रुप ‘एक्ट वन’ से जुड़कर एक्टिंग की बारीकियां सीखी हैं।
फिल्मी सफर
साल 2008 में वह अपने एक्टिंग के सपने को पूरा करने के लिए मुंबई आईं। शुरूआती दिनों में हुमा को फिल्मों में मौका नहीं मिला। लेकिन इस दौरान उन्होंने कई बड़े ब्रांड्स के विज्ञापनों में काम किया। वह आमिर खान के साथ मोबाइल ब्रांड और शाहरुख के साथ पेंट ब्रांड के एड में नजर आईं। इन्हीं विज्ञापनों ने हुमा कुरैशी के करियर का रास्ता बदल दिया।
इस फिल्म से मिली पहचान
विज्ञापन की शूटिंग के दौरान हुमा पर निर्देशक अनुराग कश्यप की नजर पड़ी। उन्होंने फिल्म ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ में हुमा को मौका दिया। साल 2012 में यह फिल्म रिलीज हुई। वहीं इस फिल्म में हुमा कुरैशी के किरदार को दर्शकों और समीक्षकों ने खूब सराहा। इसके लिए एक्ट्रेस को फिल्मफेयर अवॉर्ड्स में बेस्ट फीमेल डेब्यू और बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस की कैटेगरी में नामांकन मिला।
इसके बाद एक्ट्रेस ने ‘एक थी डायन’, ‘डेढ़ इश्किया’, ‘लव शव ते चिकन खुराना’, ‘जॉली एलएलबी 2’, ‘बदलापुर’ और ‘ओ माय डार्लिंग’ जैसी फिल्मों में नजर आईं। वहीं हुमा कुरैशी ने तमिल फिल्मों ‘वलिमाई’, ‘हॉलीवुड फिल्म आर्मी ऑफ द डेड ‘ और ‘हाइवे’ में भी अपने अभिनय का लोहा मनवाया।
मील का पत्थर
ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुई वेब सीरीज ‘महारानी’ एक्ट्रेस हुमा कुरैशी के करियर के लिए नया मील का पत्थर साबित हुई। इस वेब सीरीज में एक्ट्रेस की दमदार परफॉर्मेंस को न सिर्फ दर्शकों बल्कि समीक्षकों ने भी खूब सराहा। इसके लिए हुमा को फिल्मफेयर ओटीटी अवॉर्ड भी मिला।


